शुक्रवार, 17 अगस्त, 2007 को 16:07 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर में पुलिस ने एक महिला यात्री पर अश्लील टिप्पणी के आरोप में विमान के स्काई मार्शल को गिरफ़्तार कर लिया है. स्काई मार्शल को विमान से उतार लिया गया है.
घटना भारत प्रशासित कश्मीर की राजधानी श्रीनगर की है.
एक महिला ने आरोप लगाया कि स्काई मार्शल ने उन पर भद्दी टिप्पणी की है. इसके बाद विमान यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया.
यात्रियों ने एयर डेकन के इस विमान को वहाँ से उड़ान भरने से भी रोक दिया.
बाद में स्काई मार्शल को गिरफ़्तार कर लिया गया और विमान से उतार लिया गया.
श्रीनगर हवाई अड्डे के पुलिस प्रमुख जीए दार ने पत्रकारों को बताया, "एक विमान यात्री की शिकायत पर स्काई मार्शल को गिरफ़्तार कर लिया गया. यात्री ने आरोप लगाया था कि स्काई मार्शल ने उन पर भद्दी टिप्पणी की थी."
वर्ष 1999 में इंडियन एयरलाइंस के एक विमान का नेपाल से अपहरण हो गया था. इसके बाद से ही कुछ विमानों में स्काई मार्शल रखे जाने लगे.