http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 16 अगस्त, 2007 को 11:50 GMT तक के समाचार

भारत को यूरेनियम बेचेगा ऑस्ट्रेलिया

भारत अमरीका परमाणु संधि पर संसद में हंगामे और अमरीकी बयान के बीच ऑस्ट्रेलिया ने घोषणा की है कि वो भारत को यूरेनियम देगा.

भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार हावर्ड ने फोन पर मनमोहन सिंह को बताया कि ऑस्ट्रेलिया ने तय किया है कि भारत को यूरेनियम की आपूर्ति की जाएगी.

इसके जवाब में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने हावर्ड का धन्यवाद किया.

दोनों नेता इस बात पर राज़ी हुए कि यूरेनियम की बिक्री के संबंध में आधिकारिक स्तर पर आगे बातचीत की जाएगी.

ऑस्ट्रेलिया न्यूकलियर सप्लायर्स ग्रुप का एक सदस्य है और भारत अमरीका असैन्य परमाणु संधि के लागू होने के लिए इस ग्रुप की मंजूरी भी आवश्यक है.

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का यह फोन मनमोहन सिंह सरकार के लिए एक बड़ी मदद साबित हो सकता है क्योंकि पिछले कुछ दिनों से विपक्षी दल और सरकार के सहगोयी वाम दलों ने भी परमाणु संधि का कड़ा विरोध किया है.

इस मुद्दे पर विरोधाभासी बयान आ रहे हैं और संसद में इस बात पर आज ज़ोरदार हंगामे की बीच दोनों सदनों की बैठक भी रद्द करनी पड़ी है.