बुधवार, 15 अगस्त, 2007 को 16:50 GMT तक के समाचार
भारत के हिमाचल प्रदेश राज्य में आई बाढ़ की वजह से हुए भूस्खलन में कम से कम 60 लोग मारे गए हैं.
डारला गाँव में भूस्खलन के बाद सेना को मदद के लिए बुला लिया गया है.
डारला में मौज़ूद एक पुलिस अधिकारी विद्या चंद नेगी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि इस भूस्खलन में जो लोग दब गए हैं उनमें से किसी के बचे होने की उम्मीद नहीं है.
उन्होंने कहा, "घरों को 20 से 25 फुट बड़े शिलाखंडों ने पूरी तरह नष्ट कर दिया. घरों पर इतना मलबा गिरा है कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा."
पुलिस अधिकारी नेगी ने बताया कि 14 घर और एक स्वास्थ्य केंद्र पत्थर और मिट्टी से पूरी तरह दब गया.
राज्य के दूसरे हिस्से में भारी बारिश से हुए भूस्खलन, बाढ़ और घर गिरने की वजह से 40 लोग मारे जा चुके हैं.
स्थिति गंभीर
दक्षिण एशिया के भारत, बाँग्लादेश और नेपाल के कई हिस्सों में आई भारी बाढ़ में अब तक एक हज़ार से तीन हज़ार लोग मारे जा चुके हैं.
दक्षिण एशिया की इस बाढ़ से लगभग दो करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि बाँग्लादेश में इस साल की बाढ़ में कम से कम 500 लोग मारे जा चुके हैं जिसमें मंगलवार की रात में मारे गए 38 लोग भी शामिल हैं.
लगभग एक लाख 10 हज़ार लोगों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. इन्हें डायरिया जैसी बीमारियाँ हो गई हैं.
इन देशों में संयुक्त राष्ट्र संघ के विभिन्न संगठन बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन और दवाइयाँ मुहैया करा रहे हैं.
भारत में बिहार और उत्तर प्रदेश राज्य बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं.