मंगलवार, 14 अगस्त, 2007 को 06:18 GMT तक के समाचार
भारत और अमरीका के बीच असैन्य परमाणु संधि के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता प्रकाश कारत से मुलाक़ात की और चर्चा की है.
प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार संजय बारू ने इस मुलाक़ात के बारे में जानकारी देते हुए कहा 'प्रधानमंत्री ने माकपा महासचिव कारत से नाश्ते पर बातचीत की है और दोनों नेताओं ने परमाणु सौदे के विभिन्न आयामों पर चर्चा की. '
बारु ने बताया कि इसके जवाब में कारत ने कहा कि वो इस संबंध में अपनी पार्टी के पोलित ब्यूरो को सारी जानकारी देंगे जो इस मुद्दे पर सप्ताहांत में बैठक करेगी.
प्रेस सलाहकार ने यह भी कहा कि दोनों नेताओं ने परमाणु संधि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर उभरे मतभेदों को दूर करने का प्रयास करने की भी बात कही है.
सरकार की सहयोगी वाम दलों के विरोध के बाद अब प्रधानमंत्री ने प्रकाश कारत को नाश्ते पर आमंत्रित किया था.
उल्लेखनीय है कि विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के साथ ही वामपंथी दलों ने परमाणु संधि के ख़िलाफ़ कड़ा रवैया अपना रखा है और सोमवार को जब प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर बयान दे रहे थे तो वाम दलों ने भी वाकआउट किया था.
उधर बीजेपी ने परमाणु संधि के मुद्दे पर संसद में नियम 184 के तहत बहस की मांग की है जिसके तहत वोटिंग का प्रावधान है. इस सिलसिले में बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी ने सोमवार को प्रकाश कारत से फोन पर बातचीत भी की थी.
हालांकि कारत ने आडवाणी से कहा कि इस संबंध में पार्टी अपनी रणनीति बाद में तय करेगी.