http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 14 अगस्त, 2007 को 08:56 GMT तक के समाचार

हिंदीभाषियों की हत्या के विरोध में बंद

भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम में हिंदीभाषी लोगों की लगातार हो रही हत्या के विरोध में आज बारह घंटे का बंद है जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है.

पूरे राज्य में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और साथ ही सभी स्कूल कॉलेज भी. सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति सामान्य से कम रही और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही काफी कम दिखी.

हालांकि विमान परिवहन सामान्य रहा.

पिछले हफ्ते कारबी आंगलांग ज़िले में लगातार हिंदीभाषियों को निशाना बनाया गया और चरमपंथियों ने 36 लोगों की हत्या कर दी. हिंदीभाषियों की रक्षा कर पाने में प्रशासन की कथित नाकामी के विरोध में इस हड़ताल का आह्वान किया गया है.

प्रमुख विपक्षी दल असम गण परिषद ने राज्य सरकार के इस्तीफ़े की मांग की है और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की भी मांग की है.

गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल समेत वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और राज्य में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की जा रही है. इस बात पर भी विचार किया जा रहा है कि कारबी आंगलांग में विद्रोहियों के ख़िलाफ नए सिरे से अभियान छेड़ा जाए या नहीं.

चरमपंथियों के ताज़ा हमले में रंगमहल घाट गांव में चरमपंथियों ने छह लोगों को मार डाला था. पिछले हफ्ते इस तरह की घटनाओं में तीस से अधिक लोग मारे गए थे.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एस के गोगोई का कहना है कि चरमपंथी कारबी आंगलांग ज़िले को निशाना बनाते हैं क्योंकि यहां सुरक्षा बलों की तैनाती कम है.