सोमवार, 13 अगस्त, 2007 को 14:09 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान ने दो दक्षिणी कोरियाई बंधकों को रिहा कर दिया है. तालेबान ने कुल 23 लोगों को अगवा किया था और इनमें से दो बंधकों को उसने मार दिया था.
दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि दोनों महिलाओं को छोड़ दिया गया है.
ग़ज़नी में बीबीसी संवाददाता का कहना है कि उन्होंने रिहा की गई दो महिलाओं को देखा है और ग़ज़नी के गवर्नर ने कहा है कि उन्हें रेड क्रेसेंट कार्यालय ले जाया जा रहा है.
दोनों महिलाओं को पहले से तय की गई एक जगह पर लाया गया जिसके बाद तालेबान ने दोनों को अफ़ग़ान रेड क्रेसेंट के अधिकारियों के हवाले कर दिया.
अधिकारियों का कहना है कि दक्षिण कोरियाई वार्ताकारों के साथ बातचीत के बाद तालेबान ने वादा किया था कि वे दो महिलाओं को छोड़ देगा.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इन महिलाओं का स्वास्थ 'ठीक' है.
बंधकों की रिहाई को लेकर भ्रम की स्थिति थी. तालेबान के एक प्रवक्ता यूसुफ़ अहमदी ने शनिवार को पत्रकारों को बताया था कि दोनों महिलाओं को छोड़ा जा चुका है और फिर बाद में कहा कि उनकी रिहाई का समय अभी तय नहीं किया गया है.
तालेबान के प्रवक्ता ने फिर रिहाई के लिए सोमवार शाम का वक़्त दिया लेकिन वो समयसीमा भी गुज़र गई और बंधकों के बारे में कोई जानकारी नहीं आई.
23 दक्षिण कोरियाई लोगों को दो हफ़्ते पहले 19 जुलाई को अगवा किया गया था.
उस समय ये लोग काबुल से कंधार जा रहे थे. माना जा रहा है कि इन लोगों को छोटे-छोटे गुटों में ग़ज़नी से करीब 10 किलोमीटर दूर रखा गया है.