मंगलवार, 07 अगस्त, 2007 को 07:01 GMT तक के समाचार
पाकिस्तानी सेना का कहना है कि उसने उत्तरी वज़ीरिस्तान में चरमपंथियों के ठिकानों को निशाना बनाया है. इसमें हेलिकॉप्टर गनशिप की भी मदद ली गई.
यह अभियान मिरानशाह के देगान इलाक़े में मंगलवार सुबह तड़के शुरू किया.
ख़बरों के अनुसार वहाँ संघर्ष अभी चल रहा है लेकिन इसमें कितने लोग हताहत हुए, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है.
अफ़ग़ानिस्तान से सटा उत्तरी वज़ीरिस्तान का क़बायली इलाक़ा तालेबान और अल क़ायदा के लिए सुरक्षित स्थल माना जाता है.
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने इस्लामाबाद की लाल मस्जिद में हुई सैन्य कार्रवाई के बाद से सेना और सुरक्षाबलों पर चरमपंथी हमलों में वृद्धि हुई है.
इसी के बाद क़बायली नेताओं ने पाकिस्तान सरकार के साथ हुए संघर्ष विराम समझौते को तोड़ दिया था.
उत्तरी वज़ीरिस्तान में पाकिस्तान सरकार और क़बायली लोगों के बीच पिछले वर्ष साल शांति समझौता हुआ था.
इस समझौते के तहत सभी विदेशी चरमपंथियों को बाहर निकालने और तालेबान के छापामारों के अफ़ग़ानिस्तान से आने-जाने पर रोक लगाने की माँग की गई थी.
सरकार ने इसके बदले में ज़मीनी और हवाई सैनिक कार्रवाई बंद करने और क़बायली लोगों को मुआवज़ा देने का वादा किया था.