http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 06 अगस्त, 2007 को 21:09 GMT तक के समाचार

मुंबई ट्रेन धमाके में 13 के ख़िलाफ आरोप

मुंबई में पिछले साल लोकल ट्रेनों में हुए बम धमाके के सिलसिले में 13 लोगों के ख़िलाफ़ अदालत में आरोप तय किए गए हैं.

इन 13 लोगों के ख़िलाफ़ ट्रेनों को निशाना बनाने का षडयंत्र रचने और ये हमले करने का आरोप लगाया गया है.

इन हमलों में 180 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और आठ सौ से अधिक लोग घायल हुए थे. इन हमलों में मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेनों को निशाना बनाया गया था.

पुलिस के अनुसार इस घटना से जुड़े करीब 15 संदिग्ध अभी भी फ़रार हैं.

जिन 13 लोगों के ख़िलाफ आरोप तय किए गए हैं वो सभी भारतीय नागरिक हैं और मुसलमान हैं.

इन सभी का कहना है कि वो दोषी नहीं हैं. इतना ही नहीं सभी 13 अभियुक्तों ने अदालत की वैधता मानने से इंकार भी किया है और मांग की है कि उनका मामला किसी और अदालत के सुपुर्द किया जाए.

न्यायाधीन ने आरोप तय करने का बाद कहा है कि वो अभियुक्तों के आग्रह को किसी वरिष्ठ न्यायाधीश तक पहुंचा देंगी.