सोमवार, 06 अगस्त, 2007 को 18:50 GMT तक के समाचार
भारत सरकार का कहना है कि वो अल क़ायदा या किसी भी अन्य संगठन के हमलों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और सुरक्षा सेनाएं पूरी तरह सतर्क हैं.
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने अल क़ायदा द्वारा जारी वीडियो में भारत को निशाना बनाए जाने के बारे में पूछे जाने पर कहा गृह मंत्रालय को ऐसी कोई धमकी नहीं मिली है.
उनका कहना था ' हम इस तथ्य की पुष्टि नहीं कर सकते कि अल क़ायदा ने भारत को कोई विशेष धमकी दी है या नहीं लेकिन मैं इतना कहना चाहूंगा कि देश की सेनाएं और सुरक्षा बल किसी भी ख़तरे से निपटने के लिए हमेशा तैयार हैं. '
उनका कहना था कि 15 अगस्त के मद्देनज़र विशेष सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं और लोगों को भी इस संबंध में सतर्क रहने की आवश्यकता है.
उल्लेखनीय है कि अल क़ायदा की ओर से एक नया वीडियो जारी किया गया है जिसमें अमरीका और भारत को धमकियाँ दी गई हैं.
अल क़ायदा के एक अमरीकी नेता की ओर से जारी किए गए वीडियो में कहा गया है कि अमरीका और भारत अल क़ायदा का जायज़ निशाना हैं.