http://www.bbcchindi.com

रविवार, 05 अगस्त, 2007 को 18:06 GMT तक के समाचार

परमाणु समझौते पर मतदान की माँग

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अमरीका के साथ परमाणु समझौते पर लोकसभा में मतदान कराने की माँग की है.

भाजपा का कहना है कि परमाणु समझौता भारत के हित में नहीं है.

लोकसभा में भाजपा के उपनेता विजय कुमार मलहोत्रा ने रविवार को बताया कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को नोटिस देकर इस पर मतदान कराने की माँग की है.

संसद का मॉनसून सत्र 10 अगस्त से शुरू हो रहा है और इस दौरान परमाणु समझौते का मामला प्रमुखता से उठ सकता है.

मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा का कहना है कि असैनिक परमाणु समझौते के मौजूदा स्वरूप से परमाणु परीक्षण करने की आज़ादी ख़त्म हो जाएगी.

समझौता स्वीकार नहीं

भाजपा ने शनिवार को परमाणु समझौते पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि वह इस संधि को स्वीकार नहीं कर सकती.

पार्टी ने इस समझौते का अध्ययन करने के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) का गठन करने की माँग की.

भाजपा नेताओं यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार को इस संधि पर अगला क़दम तब तक नहीं उठाना चाहिए, जब तक कि जेपीसी अपनी रिपोर्ट न सौंप दे और इसे संसद की मंज़ूरी न मिल जाए.

उन्होंने सरकार से संविधान और क़ानूनों में 'उचित संशोधन' करने की माँग की ताकि देश की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा पर असर डालने वाले समझौतों के लिए संसद की मंज़ूरी अनिवार्य बन जाए.

शौरी और सिन्हा ने कहा कि भारत-अमरीका परमाणु ऊर्जा क़ानून के 123 मसौदे पर पार्टी की यह प्राथमिक प्रतिक्रिया है. अब वह इस मसौदे का विस्तृत अध्ययन करेगी.