http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 04 अगस्त, 2007 को 06:48 GMT तक के समाचार

वज़ीरिस्तान में झड़प, 14 मारे गए

अफ़ग़ानिस्तान से लगे पाकिस्तान के वज़ीरिस्तान में शनिवार को तड़के हुई झड़प में दस चरमपंथी और चार सैनिक मारे गए हैं.

पाकिस्तानी सेना का कहना है कि चरमपंथियों ने उत्तरी वज़ीरिस्तान में एक जाँच नाके पर गोलीबारी शुरु कर दी.

हालांकि सेना के वक्तव्य की किसी दूसरे स्वतंत्र स्रोत से पुष्टि नहीं हो सकी है.

यह चौकी मीरानशाह से दस किलोमीटर दक्षिण में है.

अधिकारियों का कहना है कि सेना ने जवाबी कार्रवाई की.

इस झड़प में चार सैनिक मारे गए हैं और चार घायल हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है.

सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल वहीद अरशद का कहना है कि सेना और चरमपंथियों के बीच दो घंटे तक गोलीबारी चलती रही.

उनका कहना है कि चरमपंथी भागते हुए अपने कुछ साथियों की लाश भी ले गए.

शुक्रवार को भी वज़ीरुस्तान में ही सेना के एक काफ़िले पर चरमपंथी हमला हुआ था. सेना की जवाबी कार्रवाई में चार चरमपंथी मारे गए थे.

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने इस्लामाबाद की लाल मस्जिद में हुई सैन्य कार्रवाई के बाद से सेना और सुरक्षाबलों पर चरमपंथी हमलों में वृद्धि हुई है.

इसी के बाद क़बायली नेताओं ने पाकिस्तान सरकार के साथ हुए संघर्ष विराम समझौते को तोड़ दिया था.