शनिवार, 04 अगस्त, 2007 को 11:28 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत में हुए विभिन्न हमलों में कम से कम 20 लोग मारे गए हैं.
पाराचिनार में हुए आत्मघाती हमले में छह लोगों की मौत हो गई.
पाराचिनार में ये हमला उस समय हुआ जब एक वाहन दूसरे वाहन से जा टकराया.
स्थानीय पुलिस अधिकारी मोहम्मद कमाल ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि जब आत्मघाती हमलावर ने बस स्टेशन पर हमला किया तो वहाँ काफ़ी भीड़ थी.
मोहम्मद कमाल का कहना था, हमारी जानकारी के मुताबिक ये आत्मघाती हमला था.
सैनिकों पर हमले बढ़े
इससे कुछ घंटे पहले उत्तरी वज़ीरिस्तान में सैनिकों और तालेबान समर्थक चरमपंथियों के बीच झड़पों में कम से कम 14 लोग मारे गए. इसमें चार सैनिक भी शामिल हैं.
चरमपंथियों ने दोसाल में एक नाके पर हमला करने की कोशिश की लेकिन सैनिकों ने उन्हें पीछे धकेल दिया. दोसाली उत्तरी व़जीरिस्तान में है.
सेना का कहना है कि उसने भी 10 चरमपंथियों को मार दिया है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल वहीद अरशद ने बताया कि पाँच सैनिक घायल भी हुए हैं.
पिछले महीने लाल मस्जिद पर हमले के बाद से पाकिस्तान में सुरक्षाकर्मियों पर हमलों में बढ़ोत्तरी हुई है.
पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत को तालेबान समर्थक चरमपंथियों का गढ़ माना जाता है.