http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 28 जुलाई, 2007 को 15:31 GMT तक के समाचार

ब्रितानी पुलिस के हवाले हुए कोहली

हैना फ़ॉस्टर हत्याकांड मामले के अभियुक्त मनिंदर पाल सिंह कोहली को ब्रितानी पुलिस के हवाले कर दिया गया है.

शुक्रवार को हाई कोर्ट ने प्रत्यर्पण के ख़िलाफ़ मनिंदर सिंह कोहली की याचिका को ख़ारिज कर दिया था.

इसके बाद कोहली के ब्रिटेन भेजे जाने का रास्ता साफ़ हो गया था. मनिंदर सिंह कोहली वर्ष 2003 में हैना फ़ॉस्टर के साथ बलात्कार और फिर उनकी हत्या के मामले में प्रमुख अभियुक्त हैं.

शनिवार को उन्हें ब्रितानी पुलिस के हवाले कर दिया गया. नई दिल्ली के तिहाड़ जेल के प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने बताया कि शनिवार सुबह उन्हें ब्रितानी पुलिस के तीन अधिकारियों को सौंप दिया गया.

गिरफ़्तारी

वर्ष 2003 में हैना फ़ॉस्टर की हत्या के कुछ दिनों बाद ही मनिंदर सिंह कोहली ब्रिटेन से फ़रार हो गए थे. जुलाई 2004 में उन्हें भारत के पूर्वोत्तर इलाक़े से गिरफ़्तार किया गया था.

मनिंदर सिंह कोहली को पकड़वाने के लिए हाना फ़ॉस्टर के माता-पिता भारत पहुँचे थे और उन्होंने लोगों से अपील भी की थी. साथ ही सुराग देने पर ईनाम देने की भी बात कही थी.

ब्रिटेन में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करने वाले मनिंदर सिंह कोहली ने पकड़े जाने के बाद कुछ टीवी चैनल के साथ बातचीत में यह मान लिया था कि उन्होंने हैना फ़ॉस्टर की हत्या की है.

लेकिन बाद में वे अपने बयान से मुकर गए. इस साल जून में निचली अदालत ने ब्रितानी पुलिस की जाँच में मिले फ़ॉरेंसिक और मेडिकल सबूतों के आधार पर प्रत्यर्पण को मंज़ूरी दे दी थी.

सुप्रीम कोर्ट ने भी मनिंदर सिंह कोहली के प्रत्यर्पण के ख़िलाफ़ अपील को ठुकरा दिया था.