http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 27 जुलाई, 2007 को 23:03 GMT तक के समाचार

बिहार में बाढ़ से 14 और लोगों की मौत

बिहार की नदियों में आई बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है.

शुक्रवार को बाढ़ से कम से कम 14 और लोगों के मारे जाने की ख़बरें हैं. इसके साथ ही पिछले एक हफ़्ते में मारे जाने वालों की संख्या 40 से अधिक हो गई है.

बाढ़ से राज्य के 11 ज़िलों में कोई बीस लाख लोग प्रभावित हैं.

गंगा, बागमति, कोसी और गंडक सहित कई नदियों में आई बाढ़ की वजह से कोई 300 गाँव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं.

बाढ़ के चलते कई जगह रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है.

जिन ज़िलों में बाढ़ का प्रकोप ज़्यादा है उनमें, मुज़फ़्फ़रपुर, सीतामढ़ी, सहरसा, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, पटना, कटिहार और भागलपुर हैं.

समाचार एजेंसियों के अनुसार अकेले भागलपुर में ही 12 लोगों के मारे जाने की ख़बरें हैं.

उधर दरभंगा और सीतामढ़ी ज़िलों से मिली ख़बरों के अनुसार वहाँ कई जगह मकान धँसकने के कई लोग मारे गए हैं.

पीटीआई ने ख़बर दी है कि धोधारडिहा-निर्माली खंड में रेल की पटरियाँ डूब जाने की वजह से रेल यातायात को रोक दिया गया है.

इसी तरह भागलपुर-माँढरहिल खंड में रेल यातायात रोकना पड़ा है.