http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 27 जुलाई, 2007 को 08:43 GMT तक के समाचार

मनिंदर कोहली की याचिका ख़ारिज

हाईकोर्ट ने चर्चित हाना फ़ॉस्टर हत्याकांड मामले के अभियुक्त मनिंदर सिंह कोहली की याचिका को ख़ारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने प्रत्यर्पण रोकने की अपील की थी.

ग़ौरतलब है कि हाई कोर्ट ने पहले उन्हें ब्रिटेन प्रत्यर्पण रोकने की इज़ाज़त दे दी थी लेकिन वे इसके ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट गए थे.

तब सुप्रीम कोर्ट ने उनसे हाईकोर्ट में ही समीक्षा याचिका दायर करने की सलाह दी थी.

लेकिन हाईकोर्ट ने कोहली की समीक्षा याचिका को 'आधारहीन' बताते हुए ख़ारिज कर दिया.

इस फ़ैसले के बाद कोहली ने कहा है कि वो फिर सुप्रीम कोर्ट की शरण लेंगे और वहाँ शुक्रवार शाम तक दूसरी याचिका दायर करेंगे.

मनिंदर पाल सिंह कोहली पर ब्रिटेन की हैना फ़ॉस्टर के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या करने का आरोप है.

मार्च, 2003 में ब्रिटेन में ही 17 वर्षीय हैना फ़ॉस्टर के साथ बलात्कार करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी.

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 13 जुलाई को दिए एक फ़ैसले में कोहली का प्रत्यर्पण रोकने से इनकार कर दिया था.

पुलिस ने मनिंदर पाल सिंह कोहली को तीन साल पहले पश्चिम बंगाल की नेपाल से लगी सीमा पर कालिमपोंग के एक होटल से गिरफ़्तार किया था.

तब उन्होंने हैना से जान-पहचान तो स्वीकार कर ली थी लेकिन बलात्कार और हत्या में अपना हाथ होने से इनकार किया था.