गुरुवार, 26 जुलाई, 2007 को 07:05 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान की सेना ने कहा है कि उसने परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम बाबर श्रेणी की क्रूज़ मिसाइल हत्फ़-7 का सफल परीक्षण किया है. इस मिसाइल की मारक क्षमता 700 किलोमीटर है और यह आसानी से दिल्ली तक मार कर सकती है.
भारत की ओर से फ़िलहाल इस परीक्षण पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
बयान में कहा गया है, 'इस परीक्षण से पाकिस्तान की रणनीतिक क्षमता में बढ़ोतरी के साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा भी मज़बूत हुई है.'
पाकिस्तान ने इस श्रेणी की मिसाइल का सबसे पहला परीक्षण वर्ष 2005 में किया था.
सेना के बयान के अनुसार, मिसाइल के सफल परीक्षण के बाद राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ और प्रधानमंत्री शौकत अज़ीज़ ने परियोजना से जुड़े वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी है.
ग़ौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान में वर्ष 2004 से जारी शांति वार्ता के बावजूद दोनों ही देश मिसाइल के परीक्षण करते रहते हैं. हालांकि दोनों देश इसकी पूर्व सूचना एक-दूसरे को देते हैं.
पाकिस्तान ने 1980 के दशक में हत्फ़-1 और हत्फ़-2 का विकास किया और इसी के साथ पाकिस्तान का ज़मीन से ज़मीन पर मार करने वाला मिसाइल कार्यक्रम शुरू हुआ था.
हत्फ़-1 और हत्फ़-2 की मारक दूरी 80 किमी, हत्फ़-3 की 300 किमी और हत्फ़-4 की मारक क्षमता 400 किलोमीटर तक है.
जबकि पाकिस्तान की शाहीन श्रेणी की मिसाइलों में शाहीन-1 की मारक क्षमता 1000-1500 किलोमीटर है और शाहीन-2 दो हज़ार किलोमीटर तक मार कर सकती है.