http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 26 जुलाई, 2007 को 11:58 GMT तक के समाचार

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

सीआरपीएफ़ कैंप पर आत्मघाती हमला

भारत प्रशासित कश्मीर के अधिकारियों का कहना है कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) के कैंप पर हुए एक आत्मघाती हमले को नाकाम कर दिया गया है.

अधिकारियों के मुताबिक़ सीआरपीएफ़ के कैंप में घुसने की कोशिश कर रहे दोनों चरमपंथी मारे गए हैं. हमले में आठ जवान भी घायल हुए हैं.

चरमपंथी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है. सीआरपीएफ़ का ये कैंप श्रीनगर के पास मालबाग इलाक़े में है.

सीआरपीएफ़ के एक प्रवक्ता के मुताबिक़ चरमपंथियों ने कैंप के पिछले हिस्से में स्थित एक चौकी पर ग्रेनेड फेंका और गोलियाँ चलाई. इस हमले में आठ जवान घायल हो गए.

कार्रवाई

जवाबी कार्रवाई में एक चरमपंथी मारा गया. तुरंत ही सीआरपीएफ़ के जवानों ने पूरे इलाक़े को घेर लिया. कार्रवाई में दूसरा चरमपंथी भी मारा गया.

पिछले साल अक्तूबर के बाद श्रीनगर में पहली बार कोई आत्मघाती हमला हुआ है.

एक दिन पहले ही बारामूला ज़िले में सेना और चरमपंथियों के बीच चले संघर्ष में दो चरमपंथी मारे गए थे. इस संघर्ष में एक पुलिसकर्मी की भी मौत हो गई थी.

सीआरपीएफ़ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि उन्हें ऐसे हमले की जानकारी थी. उन्होंने बताया कि आगे भी ऐसे हमले हो सकते हैं.

इसे देखते हुए श्रीनगर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. गुरुवार को सीआरपीएफ़ कैंप पर हुए नाकाम हमले के बाद राजधानी के संवेदनशील लाल चौक इलाक़े में लोगों को रोककर तलाशी भी ली गई.