http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 24 जुलाई, 2007 को 12:46 GMT तक के समाचार

हामिद, नजमा और रशीद के पर्चे सही

भारत में उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव में उतरे तीनों मुख्य उम्मीदवारों- हामिद अंसारी, नजमा हेपतुल्ला और रशीद मसूद के नामांकन पर्चे जाँच के बाद उपयुक्त पाए गए हैं.

हामिद अंसारी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) के उम्मीदवार हैं जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की प्रत्याशी नजमा हेपतुल्ला हैं.

संयुक्त राष्ट्रीय प्रगतिशील गठबंधन यूएनपीए ने रशीद मसूद को अपना उम्मीदवार बनाया है.

राज्य सभा के महासचिव योगेंद्र नारायण ने बताया, डॉक्टर अंसारी द्वारा भरे तीनों सेट, डॉक्टर हेपतुल्ला द्वारा भरे दोनों सेट और रशीद मसूद द्वारा भरा एक सेट- हर मायने में सही पाए गए.

उन्होंने कहा कि नामांकन पत्रों के 46 सेट मिले थे जिनमें से 40 को अस्वीकार कर दिया गया.

हामिद अंसारी और नजमा हेपतुल्ला ने सोमवार को अपने पर्चे दाखिल किए थे.

नामांकन वापस लेने के लिए 26 जुलाई आख़िरी तारीख़ है.

दस अगस्त को उपराष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव के लिए अब त्रिकोणीय मुक़ाबला होना लभगभ तय है. मतगणना भी दस अगस्त को ही की जाएगी.

उपराष्ट्रपति पद के लिए लोक सभा और राज्य सभा के सदस्य मतदान करेंगे.