http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 21 जुलाई, 2007 को 08:59 GMT तक के समाचार

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

ग्रेनेड हमले में नौ अमरनाथ यात्री घायल

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम शहर में अमरनाथ यात्रियों पर हुए ग्रेनेड हमले में नौ लोग घायल हो गए. इस साल अमरनाथ यात्रियों पर ये दूसरा हमला है.

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक एसएम सहाय ने बताया कि ग्रेनेड से किए गए हमले में घायल सभी लोग तीर्थयात्री हैं.

इस साल अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद यह दूसरा हमला है.

इससे पहले इसी सप्ताह मंगलवार की रात अमरनाथ यात्रियों के लिए बने बालटाल कैंप के पास एक बम धमाका हुआ था, जिसमें 17 लोग घायल हो गए थे.

बाद में घायलों में से एक की मौत हो गई थी. मृतक अलीगढ़ का रहने वाला था और उसका नाम राजेश कुमार बताया गया था.

हालाँकि तब घायल होने वालों में सिर्फ़ एक तीर्थयात्री था. घायल होने वाले अन्य लोगों में सीआरपीएफ़ के तीन जवान, कुछ स्थानीय व्यापारी और अन्य लोग थे.