बुधवार, 18 जुलाई, 2007 को 08:16 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान सीमा से लगे उत्तरी वज़ीरिस्तान में पाकिस्तानी सेना के एक काफ़िले पर घात लगाकर किए गए चरमपंथी हमले में 17 जवान मारे गए हैं.
कहा गया है कि हमले में 13 अन्य जवान घायल भी हुए हैं.
इस हमले के पीछ तालेबान समर्थक चरमपंथियों का हाथ होने की आशंका जताई गई है.
यह हमला उत्तरी वज़ीरिस्तान के क़बीलाई इलाक़े में हुआ. हमले की जगह मीरानशाह से 25 किलोमीटर दूर है.
ख़बरें हैं कि इस हमले के बाद सैनिकों और चरमपंथियों के बीच जमकर गोलीबारी हुई है.
उल्लेखनीय है कि इस्लामाबाद में लाल मस्जिद में हुई सैन्य कार्रवाई के बाद से पाकिस्तान में चरमपंथी हमले शुरु हुए हैं.
इसके बाद से सीमा प्रांत के चरमपंथियों ने सरकार के साथ किए गए शांति समझौते को भी तोड़ दिया है.
सेना के एक प्रवक्ता का कहना है कि ल्वारा मंडी में चरमपंथियों ने सेना के काफ़िले पर गोलीबारी की और रॉकेट से हमले किए.
सीमा प्रांत में ही रविवार को हुए एक आत्मघाती हमले में 70 लोगों की मौत हुई थी.
इसके बाद मंगलवार को एक अन्य हमले में तीन सैनिक मारे गए थे.
मंगलवार को ही शाम को निलंबित मुख्य न्यायाधीश इफ़्तिख़ार चौधरी की सभा स्थल पर विस्फोट में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई और 80 लोग घायल हो गए थे.
हालांकि इस हमले के पीछे कौन था यह स्पष्ट नहीं हो सका है.