बुधवार, 18 जुलाई, 2007 को 04:41 GMT तक के समाचार
अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
अमरनाथ यात्रियों के लिए बने कैंप के पास हुए विस्फोट में घायल लोगों में से एक की मौत हो गई है.
मृतक अलीगढ़ का रहने वाला था और उसका नाम राजेश कुमार बताया गया है.
उल्लेखनीय है कि मंगलवार की रात बालटाल कैंप के पास एक बम धमाका हुआ था जिसमें 17 लोग घायल हो गए थे.
घायल होने वालों में सिर्फ़ एक तीर्थ यात्री था. घायल होने वाले अन्य लोगों में सीआरपीएफ़ के तीन जवान, कुछ स्थानीय व्यापारी और अन्य लोग थे.
इस विस्फोट की ज़िम्मेदारी किसी भी चरमपंथी संगठन ने नहीं ली है.
चूँकि भारत प्रशासित कश्मीर के चरमपंथी संगठनों ने घोषणा की थी कि वे अमरनाथ तीर्थ यात्रियों पर हमला नहीं करेंगे इसलिए इस विस्फोट के पीछे किसका हाथ है यह कहना सुरक्षाबलों को भी कठिन लग रहा है.
अधिकारियों का कहना है कि चरमपंथियों की घोषणा के बाद भी सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं. इस मामले की जाँच की जा रही है.
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के दौरान पहली बार इस तरह का हमला हुआ है.
पहले भी यात्रा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद यात्रियों पर हमले हुए हैं और कई तीर्थयात्री हताहत हुए हैं.
लेकिन सुरक्षा चिंताओं के बीच हर साल लाखों यात्री अमरनाथ की तीर्थ यात्रा पर जाते हैं.