http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 17 जुलाई, 2007 को 17:48 GMT तक के समाचार

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

अमरनाथ कैंप के पास धमाका

भारत प्रशासित कश्मीर में अमरनाथ यात्रियों के लिए बने एक कैंप के पास विस्फोट हुआ है जिसमें लगभग 15 लोग घायल हुए हैं.

घटना बालताल कैंप के पास हुई. इस कैंप के प्रवेश द्वार पर अमरनाथ जाने वाले यात्रियों और अन्य लोगों की तलाशी ली जा रही थी तभी ज़ोरदार धमाका हुआ.

विस्फोट प्रवेश द्वार से कुछ दूरी पर हुआ. इसमें लगभग 15 लोग घायल हुए हैं जिनमें अधिकांश स्थानीय निवासी हैं.

घायलों में कुछ अमरनाथ यात्री भी हैं.

विस्फोट कैसे हुआ, इसकी पुख़्ता जानकारी नहीं मिल पाई है. सुरक्षा अधिकारियों ने आशंका जताई है कि कैंप के पास एक हथगोला फेंका गया था.

इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के दौरान पहली बार इस तरह का हमला हुआ है. हालाँकि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के दावे किए जा रहे हैं.

पहले भी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर यात्रियों पर हमले हुए हैं.