http://www.bbcchindi.com

रविवार, 15 जुलाई, 2007 को 06:17 GMT तक के समाचार

बम हमले में 14 पाक सैनिकों की मौत

पुलिस का कहना है कि सूबा सरहद में रविवार को हुए एक आत्मघाती कार बम हमले में कम से कम 14 सैनिक मारे गए हैं.

पुलिस का कहना है कि ये हमला सूबा सरहद के स्वात नामक इलाक़े में हुआ. इसमें कम से कम 40 सैनिक घायल भी हुए हैं.

इसके बाद सैनिकों और हमलावरों के बीच गोलीबारी भी हुई.

इसके पहले शनिवार को उत्तरी वज़ीरिस्तान इलाक़े में एक आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें 24 सैनिक मारे गए थे. इस हमले में सैनिकों के गश्ती दल को निशाना बनाया गया था.

सेना के एक प्रवक्ता का कहना था कि शनिवार को हुए हमले का संबंध इस्लामाबाद की लाल मस्जिद में की गई कार्रवाई से हो सकता है.

उत्तरी वज़ीरिस्तान अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगा हुआ है. यहाँ अक़्सर पाकिस्तानी सैनिकों, क़बायली गुटों और विदेशी चरमपंथियों के बीच संघर्ष होते रहते हैं.

पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद की लाल मस्जिद में हुई सैनिक कार्रवाई के बाद सूबा सरहद के कई इलाक़ों में हज़ारों अतिरिक्त सैनिकों को तैनात किया है.

लाल मस्जिद में हुई सैनिक कार्रवाई में 75 लोग मारे गए थे. 36 घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान 10 पाकिस्तानी सैनिक भी मारे गए थे.

इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान में कई विरोध प्रदर्शन हुए थे.