http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 14 जुलाई, 2007 को 04:32 GMT तक के समाचार

राष्ट्रपति चुनाव से दूर रहेगा तीसरा मोर्चा

भारत में 19 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में तीसरे मोर्चा ने मतदान नहीं करने और उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार उतारने का फ़ैसला किया है.

राष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर शनिवार को राजनीतिक दलों के गठबंधन तीसरे मोर्चे की दिल्ली में एक बैठक में दोनों निर्णय किए गए.

बैठक के बाद तीसरे मोर्चे की नेता और अन्नाद्रमुक की प्रमुख जयललिता ने मीडिया को बताया, ''हमने कांग्रेस और भाजपा दोनों से बराबरी दूरी रखने का फ़ैसला किया है.''

राष्ट्रपति पद के चुनाव में तीसरे मोर्चे के घटक दलों के पास एक लाख के क़रीब वोट हैं. ऐसे में तीसरे मोर्चे के फ़ैसले के बाद एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार भैरों सिंह शेखावत की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.

पहले से ही राष्ट्रपति पद की दौड़ में सत्तारूढ़ यूपीए की ओर से प्रत्याशी घोषित की गईं प्रतिभा पाटिल का पलड़ा भारी माना जा रहा है. प्रतिभा पाटिल को यूपीए के अलावा वामपंथी दलों और बहुजन समाज पार्टी का भी समर्थन प्राप्त है.

इससे पहले तीसरे मोर्चे की ओर से वर्तमान राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को समर्थन देने की बात कही गई थी पर राष्ट्रपति ने यह कहते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया कि आम सहमति बनने की स्थिति में ही वे चुनाव लड़ सकते थे.