http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 14 जुलाई, 2007 को 12:51 GMT तक के समाचार

सहेलियों ने रुकवाया बाल विवाह

बांग्लादेश में एक हैरान करने वाली घटना में 13 साल की एक लड़की के साथ पढ़ने वाली छात्राओं ने ज़बरदस्ती की जा रही उसकी शादी को पुलिस की मदद से रुकवा दिया है.

पुलिस का कहना है कि क़रीब 50 छात्राएं बांग्लादेश के सतखीड़ा शहर की सड़कों पर उतर आईं और हबीबा सुल्ताना की शादी को रोकेने की माँग करने लगीं.

छात्राओं ने पुलिस के पास अर्ज़ी दायर कर इस मामले में क़दम उठाने की माँग की थी.

छात्राओं की माँग पर पुलिस ने हबीबा के पिता को बुलाया और अपनी लड़की की शादी को रोक देने के लिए कहा.

बांग्लादेश के 'डेली स्टार' के मुताबिक, पुलिस ने हबीबा के पिता से आश्वासन देने के लिए कहा जिसके अनुसार वह अपनी नाबालिग बेटी की शादी नहीं करेंगे.

ग़रीब परिवार

पुलिस के अनुसार, हबीबा अब्दुल करीम गर्ल्स हाई स्कूल की छात्रा है और उसके पिता काफ़ी ग़रीब हैं.

पिता ने पड़ोस में ही रहने वाले एक 23 वर्षीय व्यक्ति से उसकी शादी तय कर दी थी लेकिन हबीबा इसके लिए तैयार नहीं थी.

पुलिस के अनुसार, हबीबा डर की वजह से अपने पिता का विरोध नहीं कर पा रही थीं लेकिन उन्होंने अपनी सहेलियों को इसके बारे में बताया. इसके बाद उन्होंने उनका साथ देने का फ़ैसला किया और उनसे यह शादी नहीं करने को कहा.

सहेलियों ने हबीबा के पिता से मिलकर उनकी शादी को रुकवाने की कोशिश की. शुरू में तो उन्होंने इस विरोध पर ध्यान नहीं दिया लेकिन जब पुलिस सक्रिय हुई और स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन हुआ तो उन्होंने अपना फ़ैसला बदल लिया.