http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 10 जुलाई, 2007 को 07:38 GMT तक के समाचार

नक्सलियों ने 24 सुरक्षाकर्मियों को मारा

बस्तर पुलिस का कहना है कि नक्सल विद्रोहियों के साथ मुठभेड़ में 24 पुलिसकर्मी मारे गए हैं.

पहले इन पुलिसकर्मियों को लापता बताया गया था लेकिन अब बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आरके विज के हवाले से स्थानीय पत्रकार करीमुद्दीन ने बताया है कि ये सभी पुलिसकर्मी मारे गए हैं.

इनमें 16 सीआरपीएफ़ के जवान है, छह विशेष पुलिस अधिकारी हैं और दो छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान हैं.

पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने बीबीसी को बताया कि इस मुठभेड़ में चालीस से अधिक नक्सली भी मारे गए हैं.

अधिकारियों का कहना है कि सोमवार की शाम 115 सुरक्षाकर्मी गश्त पर निकले थे लेकिन 24 के अलावा शेष वापस लौट आए थे.

उल्लेखनीय है कि बस्तर का दंतेवाड़ा ज़िला देश के सबसे अधिक नक्सल प्रभावित ज़िलों में से है.

यहाँ नक्सलियों के ख़िलाफ़ कथित जनआंदोलन सलवाजुड़ुम चल रहा है. राज्य सरकार इस आंदोलन का समर्थन कर रही है.

लेकिन इस आंदोलन के कारण पिछले दो साल में बस्तर में नक्सली हिंसा बढ़ी है और पांच सौ से अधिक आदिवासियों की मौत हुई है.

मुठभेड़

दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा का कहना है कि सोमवार को दंतेवाड़ा के एर्राबोर थाने से 115 सुरक्षाकर्मी नक्सलविरोधी अभियान के तहत गश्त पर निकले थे.

इनमें 28 सीआरपीएफ़ के जवान, 84 एसपीओ और तीन छत्तीसगढ़ पुलिस के कर्मचारी थे.

पुलिस अधीक्षक के अनुसार दंतेवाड़ा के उर्पलमेटा में इन गश्ती दल के साथ कोई चार सौ नक्सलियों के एक दल की बड़ी मुठभेड़ हुई.