सोमवार, 09 जुलाई, 2007 को 20:38 GMT तक के समाचार
भारत की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) का एक तेल आपूर्ति जलयान 'समुद्रिका-10' सोमवार को मुंबई के समुद्र क्षेत्र में डूब गया.
ओएनजीसी के अनुसार इसमें 14 लोग सवार थे जिनमें से नौ को बचा लिया गया है और पाँच लोग अब भी लापता हैं.
दूसरी ओर समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार तटरक्षक दल के पश्चिमी क्षेत्र के महानिदेशक ए राजशेखर ने उसे बताया कि पहले ओएनजीसी ने इस पर 14 लोगों के सवार होने की जानकारी दी थी. लेकिन बाद में बताया गया कि इस पर 17 लोग सवार थे जिनमें से आठ लापता हैं.
उनका कहना था कि इस जलयान के डूबने से समुद्र में कोई तेल नहीं फैला है.
उनका कहना था कि लापता लोगों की तलाश में एक अभियान छेड़ा गया है जिसमें ओएनजीसी के हेलिकॉप्टर और तटरक्षक दल के विमान की मदद ली जा रही है.
ओएनजीसी के चेयरमैन आर एस शर्मा का कहना था कि इस जहाज़ का संचालन एक निजी कंपनी ‘सीकल लॉजिस्टिक्स’ कर रही थी और इस पर सवार सभी कर्मचारी उसके थे.
ओएनजीसी के पास ऐसे 14 जलयान हैं जिनका संचालन निजी कंपनियाँ करती हैं. 'समुद्रिका-10' उनमें से एक था.
ओएनजीसी प्रमुख का कहना था कि इस दुर्घटना से मुंबई हाई के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
ग़ौरतलब है कि अमरीकी पत्रिका फ़ोर्ब्स की दुनिया की दो हज़ार बड़ी कंपनियों की सूची ओएनजीसी भी शामिल है.