रविवार, 08 जुलाई, 2007 को 11:59 GMT तक के समाचार
भारतीय जनशक्ति पार्टी की संस्थापक नेता उमा भारती के ख़िलाफ़ तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में प्राथमिकी दर्ज की गई है. उनके विरुद्ध सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का आरोप है.
उमा भारती के ख़िलाफ़ आरोप है कि उन्होंने शनिवार की रात राम सेतु के मुद्दे पर प्रदर्शन के दौरान अपने भाषण में कथित तौर पर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियाँ की थीं.
समाचार एजेंसियों पीटीआई और यूएनआई ने पुलिस के हवाले से कहा है कि उमा भारती ने अपने भाषण में कहा कि वे और भारतीय जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ता आदम पुल यानी राम सेतु की किसी भी कीमत पर 'रक्षा' करेंगी.
प्राथमिकी
पुलिस ने कहा है कि प्राथमिकी शनिवार की रात दर्ज की गई. यह प्राथिमिकी भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए और धारा 506 की उप-धारा दो (आपराधिक गतिविधि के लिए सज़ा) के तहत दर्ज की गई है.
उमा भारती ने भारत और श्रीलंका को जोड़ने वाली सेतु समुद्रम परियोजना से राम सेतु को नुक़सान होने का शक़ ज़ाहिर किया है.
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री शनिवार की रात ही ट्रेन से भोपाल के लिए रवाना हो गई.
इससे पूर्व, उमा भारती ने संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की थी कि वह राम सेतु को बचाने के लिए रामेश्वरम से अयोध्या की पदयात्रा करेंगी.
भाजपा भी विरोध में
उधर, मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी भी महत्वाकांक्षी सेतुसमुद्रम परियोजना का विरोध कर रही है.
पार्टी की पिछले महीने राजधानी दिल्ली में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस संबंध में एक प्रस्ताव भी पारित किया गया.
प्रस्ताव में कहा गया कि रामसेतु एक सच्चाई है मिथक नहीं. प्रस्ताव में इसे भारत की विरासत बताते हुए कहा गया है कि इसे बचाने की पूरी कोशिश होनी चाहिए.