गुरुवार, 05 जुलाई, 2007 को 14:23 GMT तक के समाचार
लंदन और ग्लासगो में बम धमाकों की साज़िश रचने के मामले में भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन से फ़ोन पर बात की है और उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है.
उन्होंने दिल्ली में महिला पत्रकारों से बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा कि वे ब्रितानी प्रधानमंत्री से संपर्क बनाए हुए हैं और बुधवार को ही उनकी उनसे बात हुई है.
वहाँ मौजूद पत्रकारों का कहना था कि प्रधानमंत्री के जवाब से ये भी आभास हुआ कि विदेशों में बसे भारतीयों के परिवारों में इस मामले के बाद पैदा हुई चिंता के बारे में भी उन्होंने ब्रितानी प्रधानमंत्री को अवगत कराया.
भारत के मुस्लिम समुदाय के कुछ डॉक्टरों से इस मामले में पूछताछ के संदर्भ में पूछे जाने पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि 'किसी पूरे समुदाय विशेष या जाति विशेष को आतंकवाद से जोड़कर देखना ग़लत है.'
उनका कहना था कि 'आतंकवादी आतंकवादी ही होते हैं और उनका कोई धर्म या विचारधारा नहीं होती.' उनका ये भी कहना था कि 'आतंकवादी भारत में भी हैं और पाकिस्तान में भी, ये मुसलमान भी है और ग़ैर-मुसलमान भी, इसलिए सभी को एक रंग में नहीं रंगना चाहिए.'
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का कहना था कि दुनिया को ऐसी समझ और सहिष्णुता पैदा करनी होगी कि ऐसी घटनाओं के समय पूरे समुदाय को निशाना न बनाया जाए.