गुरुवार, 05 जुलाई, 2007 को 03:40 GMT तक के समाचार
भारत के कई राज्यों में बारिश का कहर जारी है. इसमें गुजरात और पश्चिम बंगाल सबसे अधिक प्रभावित हैं.
पश्चिम बंगाल में कोलकाता और समीपवर्ती ज़िलों में वर्षा के जारी रहने के कारण राज्य सरकार ने दक्षिणी ज़िलों में अलर्ट घोषित कर दिया है.
बारिश से बुधवार को आठ लोगों के मरने की ख़बर है.
राज्य में बारिश के कारण में पिछले तीन दिनों में मरनेवालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है.
कोलकाता में सोमवार की रात से बुधवार तक 300 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है.
मौसम विभाग ने कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के कई इलाक़ों में भारी वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है.
समाचर एजेंसी पीटीआई के अनुसार कोलकाता और आसपास के ज़िलों में लगातार हो रही वर्षा के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और जल भराव के कारण स्थिति काफी बिगड़ रही है.
राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों में राहत सामग्री वितरित करवाना शुरू कर दिया है.
गुजरात में स्थिति गंभीर
हालांकि गुजरात के सौराष्ट्र और दक्षिणी हिस्सों में बारिश से थोड़ी राहत मिली लेकिन उत्तरी गुजरात में भारी बारिश हुई है.
उल्लेखनीय है कि गुजरात में सेना को सतर्क रहने को कहा गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार उत्तरी गुजरात के कुछ इलाक़ों पालनपुर और दीसा में भारी बारिश और बाढ़ के कारण फंसे लोगों को निकालने में हेलिकॉप्टरों की मदद ली गई.
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रभावित इलाक़ों का हवाई सर्वेक्षण किया और उन्होंने बारिश के कारण मृतकों के परिवारजनों को दी जानेवाली सहायता राशि 50 हज़ार रुपए से बढ़ाकर दोगुना करने की घोषणा की.
अधिकारियों का कहना है कि राज्य के 191 बांधों में से 78 में पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है.