मंगलवार, 03 जुलाई, 2007 को 03:58 GMT तक के समाचार
गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है जिससे सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है.
प्रशासन ने बिगड़ती स्थिति के मद्देनज़र सेना को सतर्क कर दिया है.
पिछले कई दिनों से चल रही भारी बारिश के कारण अब तक 14 लोगों की मौत हो गई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार वडोदरा में बारिश की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हुई है.
भारी बारिश से गुजरात के भरूच, नर्मदा, सूरत और सौराष्ट्र के भावनगर और सुरेंद्रनगर प्रभावित हुए हैं.
रविवार से इन क्षेत्रों में 400 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है.
इन इलाक़ों में रहने वाले लगभग सात हज़ार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है.
सौराष्ट्र का जूनागढ़ ज़िला बारिश से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है.
यहाँ बारिश के कारण एक स्कूल में लगभग 700 बच्चे फंस गए थे जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है.
राज्य में सरदार सरोवर बांध समेत राज्य के 22 बांध लबालब भरे हुए हैं.
बांध से पानी छोड़े जाने के कारण वड़ोदरा और भरूच ज़िलों के 72 गांवों में अलर्ट घोषित किया गया है.
ख़बरों के अनुसार लगभग 100 गांवों का संपर्क राज्य के विभिन्न हिस्सों से कट गया है.
पश्चिमी रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि गुजरात में मूसलाधार बारिश के कारण लंबी दूरी की नौ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है.
गुजरात सरकार ने स्थिति पर नज़र ऱखने के लिए गांधीनगर में एक आपात केंद्र स्थापित किया है.