शनिवार, 30 जून, 2007 को 05:06 GMT तक के समाचार
मुंबई में शुक्रवार की रात से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है. कई निचले इलाक़ों में पानी भर गया है और यातायात प्रभावित हुआ है.
मौसम विभाग का कहना है कि रात से अब तक 108 मिलीमीटर के क़रीब बारिश हो चुकी है.
ख़बरें हैं कि बांद्रा, मटूंगा और लोवर परेल के इलाक़े में पानी भरा गया है. घरों में पानी भर आया है.
सेंट्रल लाइन की ट्रेनें अनिश्चितकाल विलंब से चल रही हैं और हार्बर लाइन की कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं क्योंकि पटरियाँ पानी में डूब गई हैं.
कई जगह सड़क यातायात पर भी असर पड़ा है और इसके चलते कई उड़ानों का समय बदलना पड़ा है.
इसकी वजह से काम पर जाने के लिए निकले लोग जगह-जगह फँसे हुए हैं.
मानसून आने के बाद से यह दूसरी बार है जब बारिश की वजह से जनजीवन अस्तव्यस्त हुआ है.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि वर्ष 2005 में आई बाढ़ के बाद मुंबई में मानसून की ज़ोरदार बारिश लोगों के मन में कई तरह की आशंकाएँ भर देती है.