http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 30 जून, 2007 को 00:32 GMT तक के समाचार

राष्ट्रपति चुनाव: नामांकन का अंतिम दिन

भारत में राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले नामांकनों के लिए शनिवार को नामांकन पर्चा भरने का अंतिम दिन है.

हालांकि इस बात की संभावना कम ही है कि कोई अन्य प्रत्याशी भी इस चुनाव के लिए अपनी दावेदारी पेश करे.

इतना ज़रूर है कि नामांकन के अंतिम दिन भी अगर तीसरे मोर्चे की ओर से किसी भी व्यक्ति का नाम राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी के तौर पर सामने नहीं आता है तो उन्हें स्पष्ट करना होगा कि वे इस चुनाव में किसे अपना समर्थन देंगे.

कुछ जानकारों का कहना है कि ऐसी स्थिति में तीसरा मोर्चा भैरोसिंह शेखावत के नाम पर अपना समर्थन जता भी सकता है.

हालांकि इससे भी राष्ट्रपति पद के चुनाव में वोटों के गणित पर बहुत असर नहीं पड़ेगा और प्रतिभा पाटिल फिर से बेहतर स्थिति में बनी रहेंगी.

अभी तक दो प्रत्याशी प्रतिभा पाटिल और उप राष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत राष्ट्रपति पद के चुनाव मैदान में हैं.

जोड़-तोड़

राजस्थान की राज्यपाल प्रतिभा पाटिल को केंद्र में सत्तारूढ़ यूपीए गठबंधन ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है वहीं भैरोसिंह शेखावत निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं.

शिवसेना को छोड़ दें तो भैरोसिंह शेखावत को एनडीए के सभी घटक दलों का समर्थन हासिल है पर एनडीए ने उन्हें अपने गठबंधन का प्रत्याशी नहीं बनाया है.

शिवसेना की ओर से घोषणा की जा चुकी है कि वे मराठा मूल की होने के कारण राष्ट्रपति पद की दावेदारी के लिए प्रतिभा पाटिल का समर्थन करेगी.

इस बीच तेज़ी से करवटें लेते रहे राजनीतिक घटनाक्रम में तीसरा मोर्चा भी सामने आया जिसकी ओर से वर्तमान राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को दोबारा राष्ट्रपति बनाने की बात कही गई.

हालांकि राष्ट्रपति कलाम चुनाव लड़ने से साफ़ इनकार कर चुके हैं. एनडीए का कहना है कि राष्ट्रपति ने आम सहमति बनने की स्थिति में ही चुनाव लड़ने की मंशा जताई थी.