http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 23 जून, 2007 को 02:39 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान में चीनी नागरिकों का अपहरण

इस्लामाबाद की लाल मस्जिद से जुड़े मदरसे के छात्रों ने कई चीनी नागरिकों को अगवा कर लिया है जिसमें महिलाएँ भी शामिल हैं.

मस्जिद के बाहर बाँटी गई एक प्रेस रिलीज़ में कहा गया है कि "चीनी मसाज पार्लर में काम करने वाली छह महिलाओं और तीन पुरुषों को समझाने-बुझाने के लिए अंदर ले जाया गया है."

अगवा किए गए लोगों का संबंध इस्लामाबाद में चलने वाले एक चीनी एक्युपंचर और मसाज केंद्र से है.

'पाकिस्तान को एक सच्चा इस्लामी देश बनाने की मुहिम' चलाने का दावा करने वाली मस्जिद की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि "यह अश्लीलता के ख़िलाफ़ छात्रों की स्वाभाविक प्रतिक्रिया है."

तालेबान समर्थक कट्टरपंथी मानी जाने वाली इस मस्जिद के एक प्रवक्ता ने फ़ोन पर समाचार एजेंसी एएफ़पी से कहा कि "वहाँ वेश्यालय चल रहा था, हमने कई बार चेतावनी दी थी लेकिन प्रशासन ने कुछ नहीं किया तो हमें ख़ुद ही कार्रवाई करनी पड़ी."

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीन कारों में सवार होकर तीस लोगों एक दल वहाँ पहुँचा जिसमें 10 पर्दानशीन महिलाएँ भी थीं, वे नौ लोगों को अपने साथ मस्जिद के अंदर ले गए.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कि अपहर्ता छात्रों से इन लोगों की रिहाई कराने के लिए बातचीत का सिलसिला जारी है.

इस्लामाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मोहम्मद नईम ने बताया कि मस्जिद के अधिकारियों के ख़िलाफ़ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है.

पिछले ही महीने लाल मस्जिद में कई पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर रख लिया गया था और पूरा विवाद छह दिनों तक चलता रहा था.

इससे पहले भी इस मस्जिद से जुड़े छात्र कथित वेश्यालयों पर धावा बोलते रहे हैं, उन्होंने कई बार उन दुकानों में तोड़फोड़ की है जहाँ फ़िल्मों और संगीत के सीडी-डीवीडी आदि की बिक्री होती है.

उनका कहना है कि फ़िल्मों और संगीत से पाकिस्तानी समाज में अश्लीलता फैल रही है.