शनिवार, 23 जून, 2007 को 19:30 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में अधिकारियों ने कहा है कि व्यासायिक शहर कराची के आसपास आए भीषण तूफ़ान और भारी बारिश से कम से कम 36 लोग मारे गए हैं और भारी नुक़सान हुआ है.
कुछ लोग बिजली का करंट लगने से भी मारे गए क्योंकि तूफ़ान में बिजली के खंभे भी गिर गए.
मकानों के ढहने से अनेक लोग घयाल भी हुए हैं.
राहत और बचाव कार्य शुरू किए गए हैं लेकिन भारी बारिश से आई बाढ़ की वजह से बाधा पहुँच रही है.
मौसम विभाग ने और बारिश होने का अनुमान लगाया है.
कराची के लोग पहले से ही बिजली की किल्लत का सामना कर रहे थे जिसकी वजह से शहर में कुछ तनाव भी था.
सिंध प्रांत के गृह मंत्री सैयद सरदार अहमद ने समाचार एजेंसियों को बताया, "हमने सभी सरकारी अस्पतालों में आपातस्थिति की घोषणा कर दी है और तमाम चिकित्सा कर्मचारियों की छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं जिनमें डॉक्टर भी हैं."
बाढ़ की बजह से कराची में यातायात भी जाम हो गया जिसकी वजह से लोग घर नहीं पहुँच सकें और चिंता का माहौल था.
यह बाढ़ आने से पहले के दिनों में कराची में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा था.