http://www.bbcchindi.com

श्रीलंका में 30 विद्रोहियों को मारने का दावा

श्रीलंका सेना का कहना है कि देश के पूर्वी हिस्से में हुए एक संघर्ष में उसने कम से कम 30 तमिल विद्रोहियों को मार दिया है.

इसके अलावा समुद्री क्षेत्र में भी सेना और विद्रोहियों के बीच भारी संघर्ष चल रहा है.

श्रीलंका नौसेना का कहना है कि उसने तमिल विद्रोहियों की पाँच नौकाएँ नष्ट कर दी गईं हैं.

ये संघर्ष श्रीलंका के पूर्वी हिस्से थोप्पिगला के जंगलों में चल रहा है.

बीबीसी संवाददाता रोलैंड बर्क का कहना था कि पिछले कई सप्ताह से सेना और विद्रोहियों के बीच संघर्ष की ख़बरें आ रही हैं.

सेना का कहना है कि उन्होंने मंगलवार की रात को विद्रोहियों के तीन शिविरों पर कब्ज़ा कर लिया और इस संघर्ष में 30 विद्रोही मारे गए.

सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर प्रसाद समरसिंघे का कहना था कि अनुमान के अनुसार लगभग 150 विद्रोही अब भी थोप्पिगला में मौजूद हैं और उन्हें जल्द हरा दिया जाएगा.

हालाँकि विद्रोहियों की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

इसके पहले विद्रोहियों ने कहा था कि वो रणनीतिक कारणों से इस क्षेत्र से हट रहे हैं.

सन् 2002 में श्रीलंकाई सरकार और तमिल विद्रोहियों के बीच हुए संघर्षविराम हुआ था.

इसके बावजूद पिछले कई महीनों से दोनों पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष जारी है.

पिछले लगभग सवा साल में हुई हिंसा में चार हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.