http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 19 जून, 2007 को 09:52 GMT तक के समाचार

सिद्धि विनायक में नारियल चढ़ाने पर रोक

मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धि विनायक मंदिर में नारियल और फूलमालाओं के चढ़ाने पर रोक लगा दी गई है.

सिद्ध विनायक मंदिर के मुख्य अधिकारी हनुमंत जगताप का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर यह रोक लगाई गई है.

दर्शनार्थी अब मंदिर में नारियल और फूलमाला के बजाए फूल और मिठाई ले जा सकते हैं.

हालांकि पुलिस इस बारे में चुप्पी साधे हुए है कि उसे किस तरह की सूचनाएँ मिलीं थीं.

लेकिन समाचार एजेंसियों का कहना है कि पिछले साल वाराणसी में संकट मोचन मंदिर पर हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने देश के सभी प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा बढ़ाए जाने का निर्णय लिया है.

मुंबई में ही बम धमाकों की कई घटनाएँ हो चुकी हैं.

सिद्ध विनायक मंदिर में हज़ारों श्रद्धालु रोजाना आते हैं और मंगलवार को मंदिर में विशेष भीड़ होती है.

मंदिर के प्रभारी हनुमंत जगताप के अनुसार मंदिर में प्रतिदिन लगभग चार हज़ार नारियल और सैकड़ों मालाएँ चढ़ाई जाती हैं.

इस मंदिर में बॉलीवुड की हस्तियाँ, खिलाड़ी और राजनीतिज्ञ के अक्सर आते रहते हैं.

कुछ दिनों पहले बच्चन परिवार आधी रात को अपने घर से नंगे पाँव चलकर सुबह सुबह सिद्धिविनायक मंदिर पहुँचा था और उसने पूजा अर्चना की थी.

हिंदू मान्यता के अनुसार भगवान गणेश सभी बाधाओं को दूर करते हैं.