सोमवार, 18 जून, 2007 को 04:58 GMT तक के समाचार
अमरीका के नेतृत्ववाली गठबंधन सेना का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी हिस्से में चरमपंथियों को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले में सात बच्चों की मौत हो गई है.
सेना की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि इस कार्रवाई में कई चरमपंथी भी मारे गए.
ये हवाई हमला रविवार की रात को पाकिस्तान सीमा के निकट पक्तिया प्रांत में किया गया.
ख़बर है कि ये बच्चे उस परिसर में स्थित एक मदरसे में थे जिसे हवाई हमले में निशाना बनाया गया.
आत्मघाती हमला
इसके पहले रविवार को अफ़ग़ानिस्तान में एक पुलिस बस पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई और अनेक लोग घायल हुए थे.
इस हमले में मारे गए लोगों में से अधिकतर पुलिस अधिकारी हैं.
रविवार का यह विस्फोट वर्ष 2001 में तालेबान शासन के ख़त्म होने के बाद हुए सबसे बड़े हमलों में से एक माना जा रहा है.
धमाके के बाद तालेबान की ओर से कहा गया है कि इस घटना को उनके चरमपंथी ने अंजाम दिया. हमले में 30 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं.
यह धमाका काबुल स्थित पुलिस मुख्यालय के बाहर उस वक्त हुआ जब सुबह बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर थे.
जिस बस में यह धमाका हुआ है उसमें पुलिस अकादमी के प्रशिक्षकों और पुलिस अधिकारियों को ले जाया जा रहा था.
पिछले तीन दिनों में अफ़ग़ानिस्तान में यह पाचवाँ आत्मघाती हमला है.
इन तीन दिनों में हुए हमलों में अभी तक कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है.