http://www.bbcchindi.com

दो-तीन नामों पर चर्चा हुई: करुणानिधि

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके नेता करुणानिधि ने राष्ट्रपति उम्मीदवार को लेकर कांग्रेस के नेताओं से दूसरे दौर की बातचीत की है.

करुणानिधि बुधवार की रात चेन्नई से दिल्ली पहुँचे और सीधे प्रधानमंत्री निवास 7 रेसकोर्स रोड गए जहाँ उन्होंने मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाक़ात की.

मुलाक़ात के बाद करुणानिधि ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को लेकर अभी कोई फ़ैसला नहीं हुआ है. उनका कहना था कि दो-तीन नामों पर चर्चा हुई.

करुणानिधि का कहना था कि वो राष्ट्रपति पद के लिए मज़बूत उम्मीदवार चाहते हैं.

प्रेक्षकों का कहना है कि करुणानिधि के मज़बूत उम्मीदवार संबंधी बयान से ऐसी ध्वनि निकलती है कि वो पाटिल को उम्मीदवार बनाए जाने से पूरी तरह सहमत नहीं हैं.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की गुरुवार को वामपंथी नेताओं के साथ बातचीत होगी.

ख़बरें हैं कि कांग्रेस गृह मंत्री शिवराज पाटिल को उम्मीदवार बनाना चाहती है लेकिन वामपंथी उनके नाम पर तैयार नहीं हैं.

वामपंथी दल विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) का उम्मीदवार बनाए जाने के पक्ष में हैं लेकिन कांग्रेस ने इसमें ज़्यादा रुचि नहीं दिखाई हैं.

राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सीपीआई नेता एबी बर्धन और डी राजा ने बुधवार को एनसीपी नेता शरद पवार और आरजेडी नेता लालू यादव से मुलाक़ात की.

शेखावत की उम्मीदवारी

दूसरी ओर भाजपा नेताओं की पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के निवास पर बैठक हुई.

समाचार एजेंसी पीटीआई का कहना है कि बैठक में भाजपा नेताओं विजय कुमार मल्होत्रा, सुषमा स्वराज और जसवंत सिंह को राष्ट्रपति चुनाव में समन्वय की ज़िम्मेदारी सौंपी गई.

भैरोसिंह शेखावत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के बजाए स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ सकते हैं.

उल्लेखनीय है कि यूपीए और वाम दलों के पास 5.2 लाख मत हैं जबकि एनडीए के पास 3.5 लाख और अन्य क्षेत्रीय दलों के पास 1.2 लाख मत हैं.

इधर चुनाव आयोग ने राष्ट्रपति पद के चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा कर दी है.

आयोग ने कहा है कि यदि ज़रुरी हुआ तो 19 जुलाई को मतदान होगा और 21 जुलाई को मतगणना होगी.

मुख्य चुनाव आयुक्त एन गोपालस्वामी ने चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए कहा है कि चुनाव की अधिसूचना 16 जून को जारी की जाएगी.