बुधवार, 13 जून, 2007 को 12:38 GMT तक के समाचार
बांग्लादेश में अधिकारियों का कहना है कि चटगाँव में ज़मीन खिसकने और बाढ़ के चलते मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 118 हो गई है.
अधिकारियों का कहना है कि बहुत से लोग अभी भी लापता हो सकते हैं.
उन्होंने ये भी कहा है कि भारी बारिश के चलते ढाका और आसपास के इलाक़ों में भी पानी भर गया है और करीब पचास लाख लोग फँसे हुए हैं.
संवाददाताओं का कहना है कि ज़िंदगी धीरे-धीरे पटरी पर आ रही है और तीन दिनों में पहली बार बारिश थमी है.
चटगाँव में बिजली और पानी सप्लाई बहाल करने की कोशिश की जा रही है.
अधिकारियों के मुताबिक बारिश के चलते जो लोग स्कूलों में शरण लिए हुए थे, उन्होंने अपने-अपने घर लौटना शुरू कर दिया है.
उधर भारत के शहर कोलकाता में पुलिस ने कहा है कि भारी बारिश के चलते छह लोग मारे गए हैं और जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है.
कोलकाता मौसम विभाग के मुताबिक 12 घंटों में शहर में 133 मिलीमीटर बारिश हुई है.
शहर के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भरा हुआ है जिससे यातायात में बाधा आ रही है.