सोमवार, 11 जून, 2007 को 20:15 GMT तक के समाचार
पिछले कुछ दिनों में भारत और पाकिस्तान में गर्मी से कम से कम 120 लोगों की मौत हो गई है.
उत्तरी पाकिस्तान में रिकॉर्ड 50 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
जबकि उत्तर और मध्य भारत के अधिकतर हिस्सों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा.
हालांकि भारत में सोमवार को तापमान में कमी दर्ज की गई लेकिन गर्मी ने 28 और लोगों की जान ले ली.
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार भारत में राजस्थान के श्रीगंगानगर में 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
हरियाणा के हिसार में 45.8 डिग्री और अमृतसर में 45.1 डिग्री तापमान रहा.
उत्तर प्रदेश में गर्मी और लू लगने से अब तक सबसे अधिक 62 लोगों की मौत हो चुकी है.
इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में बारिश होने के आसार हैं.
मौसम विभाग के अनुसार उड़ीसा, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं बौछार हो सकती है.