शुक्रवार, 08 जून, 2007 को 08:26 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो से गुरुवार को तमिल समुदाय के लगभग 400 लोगों को बाहर निकाले जाने के बाद श्रीलंका के सुप्रीम कोर्ट ने और लोगों को इस तरह शहर से बाहर निकाले जाने पर रोक लगा दी है.
सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को आदेश दिया है कि इस तरह की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए.
गुरुवार को अल्पसंख्यक तमिल समुदाय के लगभग 400 लोगों को कोलंबों से बाहर, देश के उत्तरी और पूर्वी भाग में ले जाया गया.
सरकार का कहना था कि उसे शक़ है कि तमिल विद्रोही कोलंबो में बम धमाके करने की योजना बना रहे हैं. लेकिन इसका कोई सबूत पेश नहीं किया गया.
गुरुवार को सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था- "ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिनमें कई लोग छह महीने से ज़्यादा समय से कोलंबो में रह रहे हैं और बहाना ये बनाते हैं कि वे अपना परिचय पत्र या पासपोर्ट बनवाने के लिए यहाँ आए हैं."
कोलंबो में बीबीसी संवाददाता का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का गुरुवार को शहर से बाहर निकाले गए लोगों पर कोई असर नहीं होगा.
अगले महीने एक अन्य अदालत में इस मामले पर सुनवाई होगी.