गुरुवार, 07 जून, 2007 को 08:56 GMT तक के समाचार
तालेबान विद्रोहियों का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान सरकार ने उन्हें बंधकों की रिहाई के बदले वरिष्ठ कमांडर मुल्ला दादुल्ला का शव सौंप दिया है.
तालेबान का कहना है कि उसने कई बंधकों को रिहा किया है. हालाँकि इस सप्ताह के शुरू में उन्होंने एक बंधक की हत्या कर दी थी.
अभी अफ़ग़ानिस्तान के अधिकारियों की ओर से तालेबान के दावे के बारे में कोई बयान नहीं आया है. तालेबान कमांडर मुल्ला दादुल्ला पिछले महीने मारे गए थे. उन पर कई बम हमले, हत्याओं और अपहरण के आरोप थे.
रिहाई
तालेबान के प्रवक्ता ने बताया है कि मुल्ला दादुल्ला के परिवारवालों को उनका शव मिल गया है और कंधार में उन्हें दफ़ना भी दिया गया है.
उन्होंने बताया कि तालेबान ने उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय के लिए काम करने वाले तीन अफ़ग़ान बंधकों को रिहा किया है. साथ ही इसी ग्रुप में शामिल एक डॉक्टर का शव भी दे दिया गया है.
अपने को तालेबान का प्रवक्ता कहने वाले एक अन्य व्यक्ति ने चार बंधकों की रिहाई की बात कही है. स्वास्थ्य मंत्रालय के इन कर्मचारियों को एक शरणार्थी शिविर में टीका देते समय बंधक बना लिया गया था.
इलाक़े की पुलिस का कहना है कि अभी वे तालेबान के दावे की पुष्टि नहीं कर पा रहे हैं. लेकिन अब यह स्पष्ट ही है कि दो दिन पहले अपहृत डॉक्टर का सिर काट दिया गया था.
उस समय तालेबान ने आरोप लगाया था कि सरकार ने दादुल्ला का शव सौंपने की उनकी अपील ठुकरा दी थी. हालाँकि अफ़ग़ानिस्तान के गृह मंत्रालय ने घोषणा की थी कि दादुल्ला का शव सौंप दिया जाएगा और राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने भी इसके लिए आदेश दे दिए हैं.
मुल्ला दादुल्ला को तालेबान के शीर्ष कमांडरों में एक माना जाता था. तीन सप्ताह पहले वे दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में मारे गए थे.