मंगलवार, 05 जून, 2007 को 11:41 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में अधिकारियों का कहना है कि सरकार तालेबान के पूर्व कमांडर मुल्ला दादुल्ला का शव कुछ बंधकों की रिहाई के बदले में देने के लिए राज़ी हो गई है.
अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने आदेश दिया है कि पाँच स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को छुड़ाने के बदले मुल्ला दादुल्ला का शव दे दिया जाए. उन पाँच स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का मार्च में कंधार प्रांत में अपहरण कर लिया गया था.
अधिकारियों ने बताया कि मुल्ला दादुल्ला का शवर एक ऐसे व्यक्ति को सौंपा जाएगा जिसे उनका परिवार मनोनीत करेगा.
तालेबान कमांडर मुल्ला दादुल्ला मई में हेलमंद प्रांत में अमरीकी सेनाओं के एक अभियान में मारे गए थे. उन पर अनेक बम विस्फोट कराने, हत्या करने और अपहरण करने का आरोप था.
पाँच स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के अपहर्ताओं ने कुछ तालेबान क़ैदियों की रिहाई की माँग की थी लेकिन अंत में मुल्ला दादुल्ला के शव के बदले उन्हें रिहा करने के लिए राज़ी हो गए.
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी अब्दुल्ला फ़हीम ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया, "यह सहमति कल हुई. यह उनका अधिकार है कि वे अपने संबंधियों का शव हासिल करें."
अब्दुल्ला फ़हीम ने कहा, "हमें उम्मीद है कि वे हमारे कार्यकर्ताओं को सुरक्षित और सही सलामत रिहा कर देंगे. अब कंधार प्रांत में स्थानीय अधिकारियों को यह अधिकार दिया गया है कि वे मुल्ला दादुल्ला का शव उनके परिवार को सौंप दें."
सोवियत सेनाओं के ख़िलाफ़ लड़ाई में मुल्ला दादुल्ला ने एक टाँग गँवा दी थी और उन पर आरोप था कि अनेक आत्मघाती हमलों और हत्याओं में उनका हाथ रहा.