मंगलवार, 05 जून, 2007 को 22:18 GMT तक के समाचार
बांग्लादेश में एक अदालत ने पुलिस से जाँच करने को कहा है कि 2004 के एक बम हमले के मामले में क्या पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया पर हत्या का मुक़दमा चल सकता है.
उनके अलावा उनके बेटे तारिक़ रहमान और उनकी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कई वरिष्ठ नेताओं सहित 27 लोगों के ख़िलाफ़ जाँच होगी.
ढाका में आवामी लीग की इस रैली पर हुए हमले में कम से कम 20 लोग मारे गए थे और आवामी लीग की नेता शेख़ हसीना घायल हो गईं थीं.
ख़ालिदा ज़िया जो उस समय सत्ता में थीं, इस आरोप का खंडन करती हैं कि उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी को मारने का प्रयास किया.
बीएनपी के संयुक्त महासचिव सलीमा रहमान ने कहा है कि यह मामला ग़लत और राजनीति से प्रेरित है और उसका उद्देश्य पार्टी की नेता ख़ालिदा ज़िया की छवि ख़राब करना है.
यह मामला आवामी लीग के एक समर्थक अलहज बद्र अज़ीज़ ने दायर किया है जो 21 अगस्त 2004 को हुए एक हमले में घायल हो गए थे.
उनका कहना है कि उन्होंने हमले के बाद ही इस मामले की जाँच की माँग की थी लेकिन चूंकि बीएनपी की गठबंधन सरकार चल रही थी इसलिए इसे किसी ने गंभीरता से नहीं लिया.
हाल के बरसों में बांग्लादेश की किसी रैली में हुए हमलों मे से यह सबसे बड़ा हमला था लेकिन पुलिस की जाँच अभी भी अधूरी है.
ढाका से बीबीसी के वलीउर रहमान का कहना है कि अधिकारियों ने अभी तक इस मामले में अंतिम चार्जशीट दायर नहीं की है इसके चलते यह संभावना कम ही है कि अदालत में ख़ुद ख़ालिदा ज़िया उपस्थित हों.