बांग्लादेश के एक प्रमुख राजनीतिज्ञ अब्दुल जलील की हिरासत 30 दिन और बढ़ा दी गई है. उन्हें पिछले महीने गिरफ़्तार किया गया था.
अवामी लीग के महासचिव अब्दुल जलील को भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत गिरफ़्तार किया गया है.
ढाका की एक अदालत का कहना है कि अब्दुल जलील को और हिरासत में रखा जाए ताकि भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों के बारे में उनसे और पूछताछ की जा सके.
बांग्लादेश में जनवरी में आपातकाल की घोषणा की गई थी जिसके बाद अनेक राजनीतिज्ञों को हिरासत में ले लिया गया है.
देश की सैन्य समर्थित कार्यवाहक सरकार ने आम चुनाव टाल दिए हैं. प्रशासन का कहना है कि चुनाव 2008 के आख़िर में आयोजित किए जाएँगे.
ये चुनाव 22 जनवरी को चुनाव होने थे लेकिन बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के मुखिया फ़ख़रुद्दीन अहमद ने इन चुनावों को रद्द करने की घोषणा कर दी थी.
इसके बाद से कार्यवाहक सरकार ने भ्रष्टाचार के ख़िलाफ अभियान चला रखा है.
आपातकाल के तहत अभी तक 160 से अधिक राजनीतिज्ञों, व्यवसायियों और पूर्व नौकरशाहों को हिरासत में लिया गया है.
प्रशासन का कहना है कि जब तक भ्रष्टाचार विरोधी अभियान पूरा नहीं होता तब तक चुनाव नहीं होगा.