http://www.bbcchindi.com

रविवार, 03 जून, 2007 को 08:35 GMT तक के समाचार

रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

चार हज़ार सज़ायाफ़्ता क़ैदी रिहा होंगे

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री मायावती ने राज्य की अलग-अलग जेलों में सज़ा काट रहे चार हज़ार क़ैदियों को रिहा करने के निर्देश दिए हैं.

इनकी रिहाई का फ़ैसला मायावती के पहली बार मुख्यमंत्री बनने के 12 साल पूरा होने के अवसर पर किया गया है.

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश के जेल नियमावली ये प्रावधान है कि जिन क़ैदियों का चाल चलन ठीक है और जो गंभीर अपराधों के लिए दंडित नहीं किए हैं, बीमार और वृद्ध हैं, उनको सरकार समयपूर्व रिहा कर सकती है.

इसी नियम के तहत मुख्यमंत्री मायावती ने यह फ़ैसला किया है.

रिहा होने वाले क़ैदियों के स्वास्थ्य की जाँच मेडिकल बोर्ड से कराई जाएगी.

अभी उत्तर प्रदेश की जेलों में 18 हज़ार से ज़्यादा सज़ायाफ़्ता क़ैदी हैं जिनमें से चार हज़ार को मुख्यमंत्री के फ़ैसले से राहत मिलेगी.

सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी विदेशी या दूसरे राज्य के क़ैदियों को रिहा नहीं किया जाएगा.