रविवार, 03 जून, 2007 को 21:16 GMT तक के समाचार
श्रीलंका के वावूनिया और मन्नार ज़िले में एलटीटीई और सेना के बीच हुए भीषण संघर्ष में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की ख़बर है.
एलटीटीई ने 30 सैनिकों को और सेना ने 52 विद्रोहियों को मारने का दावा किया है.
एलटीटीई का कहना है कि उसने इन दोनों ज़िलों में सेना पर ज़बरदस्त हमला किया. एलटीटीई के प्रवक्ता रसैया इलनथिरियन ने बताया कि उनके हमले में सेना को भारी नुक़सान पहुँचा है.
एलटीटीई के मुताबिक़ हमले में 30 सैनिक मारे गए हैं. इनमें से 16 सैनिकों के शव भी उनके पास हैं.
उन्होंने दावा किया कि एलटीटीई ने सैनिकों से हथियार और कई उपकरण छीन लिए हैं. एलटीटीई ने सैनिक वाहनों की तस्वीरें भी जारी की है.
दावा
श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय ने माना कि इलाक़े में भीषण लड़ाई हुई है लेकिन दावा किया कि उन्होंने एलटीटीई के हमले को नाकाम कर दिया है.
एक बयान में रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि संघर्ष में 52 एलटीटीई विद्रोही मारे गए हैं और कई घायल हो गए हैं. बयान में कहा गया है कि सेना ने बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है.
वावूनिया में रहने वाले लोगों ने भी गोलीबारी की आवाज़ें सुनीं. अभी दोनों पक्षों के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है लेकिन एलटीटीई का कहना है कि वह अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस कमेटी के माध्यम से 16 सैनिकों के शव लौटाएगा.
वावूनिया ज़िले में शनिवार रात से ही सेना और एलटीटीई के बीच संघर्ष जारी है.