रविवार, 03 जून, 2007 को 07:47 GMT तक के समाचार
बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के मुखिया फ़ख़रुद्दीन अहमद को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
फ़ख़रुद्दीन अहमद बांग्लादेश की राजधानी ढाका के निकट तंगैल में वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए आयोजित समारोह में भाषण दे रहे थे, तभी अचानक अचेत होकर गिर गए.
उनके प्रेस सचिव फ़हीम मुनैम ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया, "फ़ख़रुद्दीन को अब होश आ गया है और उनकी हालत स्थिर है. वो जल्दी ही ढाका लौटेंगे."
अधिकारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण 67 वर्षीय अहमद अचेत हो गए थे.
वो सेना समर्थित अंतरिम सरकार के मुखिया हैं. पहले बांग्लादेश में जनवरी में चुनाव कराने की घोषणा की गई थी लेकिन बाद में चुनाव कार्यक्रम रद्द कर दिया गया.
बांग्लादेश में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है. कई दिन पारा 42 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर निकल गया.