शनिवार, 02 जून, 2007 को 10:20 GMT तक के समाचार
पाकिस्तानी राजनीतिज्ञ और पूर्व क्रिकेटर इमरान ख़ान ने कहा है कि वे पाकिस्तानी पार्टी एमक्यूएम के ख़िलाफ़ ब्रितानी अदालत में मुक़दमा दायर करेंगे.
एमक्यूएम का नेतृत्व ब्रितानी नागरिक अल्ताफ़ हुसैन करते हैं और वे लंदन में रहते हैं.
अल्ताफ़ हुसैन पर आरोप है कि उनके इशारे पर एमक्यूएम ने पिछले महीने कराची में हिंसा फ़ैलाई जिससे कि वहाँ निलंबित मुख्य न्यायाधीश इफ़्तिख़ार चौधरी को रैली करने से रोका जा सके.
इस हिंसा में हिंसा में चालीस लोगों की मौत हुई थी और जनजीवन कई दिनों तक ठप्प रहा है.
एमक्यूएम इस आरोप का खंडन करता है.
राजनीतिक संकट
उल्लेखनीय है कि एमक्यूएम पाकिस्तान के राष्ट्रपति जनरल परवेज़ मुशर्रफ़ का समर्थन करता है.
परवेज़ मुशर्रफ़ ने ही पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश इफ़्तिख़ार चौधरी को मार्च में निलंबित कर दिया था.
निलंबन की इस कार्रवाई का देश भर में विरोध हुआ था और इसके बाद से यह परवेज़ मुशर्रफ़ के ख़िलाफ़ राजनीतिक संकट में बदल गया था.
कराची में रैली न हो पाने के बाद पिछले हफ़्ते इफ़्तिख़ार चौधरी ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के एक कार्यक्रम में भाग लेने आए तो हज़ारों लोग वहाँ इकट्ठे हो गए थे.
हालांकि इस्लामबाद में रैलियों पर प्रतिबंध है लेकिन फिर भी इफ़्तिख़ार चौधरी के सैकड़ों समर्थकों के शनिवार को विरोध प्रदर्शन में भाग लिया है.